0




पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में सबसे पहले वोटिंग पंजाब और गोवा में होनी है. दोनों ही राज्यों में प्रचार तेजी से जारी है. 4 फरवरी को चुनाव होने के चलते यहां 2 फरवरी को शाम पांच बजे से चुनावी भोंपू शांत हो जाएगा. इस लिहाज से अब राज्यों में अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए राजनैतिक पार्टियों के पास 24 घंटे से भी कम वक्त बचा है. हालांकि नेताओं के जनसंपर्क पर रोक नहीं लगेगी. वे जनसंपर्क के जरिए अपना प्रचार कर सकते हैं लेकिन उन्हें चुनाव आचार संहिता का ध्यान रखना होगा.
एक राज्य में बीजेपी तो एक में कांग्रेस आगे
'आजतक' ने चार राज्यों के विधानसभा चुनावों पर सबसे बड़ा सर्वे किया. इंडिया टुडे और एक्सिस द्वारा कराए गए सर्वे में गोवा में बीजेपी की तो पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है.
सबसे पहले गोवा की बात करें तो यहां बीजेपी फिर से सरकार बनाएगी. 40 सीटों में से बीजेपी को यहां 22 से 25 सीटें मिल सकती हैं. दूसरे नंबर पर कांग्रेस रहेगी, जिसे 12 से 14 सीटें मिलेगीं. जबकि आम आदमी पार्टी को 1 से 2 सीटें ही मिलने के आसार हैं. गोवा में 1986 सैंपल लिए गए, जबकि सर्वे 16 से 24 जनवरी के बीच कराया गया.
पंजाब में कांग्रेस को राहत मिलती दिख रही है. सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को 60 से 65 सीटें मिल सकती हैं, जबकि आप  41 से 44 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रह सकती है. सर्वे में सत्तारुढ़ अकाली-बीजेपी गठबंधन को बड़ा झटका लगा है. गठबंधन को इन चुनावों में सिर्फ 11 से 15 सीटें ही मिलती नजर आ रही हैं. आपको बता दें कि 117 विधानसभा सीटों के पंजाब में 6847 सैंपल लिए गए, यह सर्वे 13 से 25 जनवरी के बीच कराया गया है.

Post a Comment

 
Top