भारत ने बंगलुरु टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम को 75 रनों से करारी शिकस्त दी. ऑस्ट्रेलियाई पारी के 20वें ओवर में उमेश यादव की गेंद पर स्टीव स्मिथ पर जब एलबीडब्लयू की अपील की गई, और अंपायर ने आउट करार दिया. इसके बाद फैसले को रिव्यू करने के लिए स्मिथ ने डीआरएस लेने से पहले ड्रेसिंग रूम की मदद मांगी. यह देखते ही विराट कोहली ने आपत्ति दर्ज कराई, विराट ने अंपायर से इस बात की शिकायत की. जिसके बाद अंपायर ने स्मिथ को रोका और स्मिथ बिना डीआरएस लिए ड्रेसिंग रूम में लौट गए.
ऑस्ट्रेलियाई पारी के 21वें ओवर में जब स्मिथ को तेज गेंदबाज उमेश यादव ने पगबाधा आउट किया तब मेहमान टीम के खिलाड़ी पसोपेश में थे कि वे स्मिथ के लिए डीआरएस लें या नहीं लें क्योंकि पहले ही डेविड वार्नर के लिए एक डीआरएस लिया जा चुका था जो भारतीय टीम के पक्ष में रहा था.
स्मिथ पहले नान-स्ट्राइकर छोर पर मुड़े ताकि राय ली जा सके लेकिन चीजें तब गर्म होने लगीं जब अंपायर ने देखा कि यह बल्लेबाज ड्रेसिंग रूम की ओर भी मुड़ा है. मैदानी अंपायर ने तुरंत ही हस्तक्षेप कर स्मिथ को रोकने की कोशिश की लेकिन मामले ने तब तूल पकड़ा जब कोहली भी अधिकारियों से बात करने में शामिल हो गए.
डीआरएस के इस्तेमाल के संबंध में नियम स्पष्ट हैं कि ड्रेसिंग रूम से कोई संकेत नहीं दिया जाना चाहिए. स्मिथ और कोहली के बीच भी इससे थोड़े गर्मागर्म शब्दों का आदान-प्रदान हुआ, इसके बाद स्मिथ पवेलियन लौट गए. दोनों कप्तानों के बीच इस सीरीज के दौरान अभी तक मैदान पर कई बार कहासुनी हो चुकी है.

Post a Comment