0
पिछली बार की उपविजेता भारतीय टीम को 26वें अजलन शाह हॉकी टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा है. शनिवार को कांस्य पदक मुकाबले में उसने न्यूजीलैंड को 4-0 से रौंदकर अपना अभियान समाप्त किया. भारत शुक्रवार को मलेशिया से 0-1 से हारकर खिताबी दौड़ से बाहर हो गया था. न्यूजीलैंड को चौथा स्थान हासिल हुआ, जबकि मेजबान मलेशिया की टीम जापान को 3-1 से हरा पांचवां स्थान पर रही.
रुपिंदर पाल ने दो गोल दागे
रुपिंदर पाल सिंह ने भारत को 2-0 से शुरुआती बढ़त दिलाई. उन्होंने 17वें और 27वें मिनट में गोल दागे. इसके बाद बर्थडे ब्वॉय एसवी सुनील ने 48वें मिनट में बढ़त को 3-0 कर दी. जबकि 60वें मिनट में तलविंदर सिंह ने भारत को 4-0 से आगे कर दिया, जो निर्णायक साबित हुआ. भारत ने राउंड रोबिन लीग मुकाबले में भी न्यूजीलैंड को 3-0 से मात दी थी.
लीग मुकाबले में 7 अंक ही रहे
भारतीय टीम राउंड रोबिन लीग मुकाबले में तीसरे स्थान पर रही थी, उसके सात अंक ही रहे. जबकि ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन ने 10-10 अंक हासिल किए और दोनों फाइनल में पहुंचे. मलेशिया से आखिरी लीग मुकाबला गंवाने से पहले भारत ने मंदीप सिंह की हैट्रिक की बदौलत जापान को 4-3 से हराया था. लेकिन पिछले चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भारत को 3-1 से मात मिली थी. हालांकि दूसरे मैच में न्यूजालैंड पर उसने जीत हासिल की, जबकि पहले मैच में ग्रेट ब्रिटेन से उसका मुकाबला 2-2 से बराबर रहा था.

Post a Comment

 
Top