0
दिल्ली की कानून व्यवस्था भी अब यूपी की तरह होती जा रही है. जहां बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. ताजा घटना में एक भतीजे ने संपत्ति विवाद के चलते अपने चाचा की गोली मार कर हत्या कर दी. यही नहीं हत्यारे मौका-ए-वारदात पर पुलिस के लिए एक पत्र भी छोड़ गए.
हत्या की दिल दहला देने वाली यह वारदात दिल्ली के छावला इलाके की है. दरअसल, संपत्ति को लेकर पुनीत का अपने भतीजे सोनू से पुराना विवाद चला आ रहा था. लेकिन अब ये विवाद इस कदर बढ़ गया कि पुनीत की जान पर बन आई. मंगलवार को भतीजे सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने चाचा को गोलियों से भून डाला.
पुनीत को एक के बाद एक कई गोलियां मारी गई. जिससे जान बचने की गुंजाइश पूरी तरह खत्म हो गई. जब तक पुनीत को हॉस्पिटल ले जाया गया, उसने दम तोड़ दिया. कत्ल के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. तो मौके पर पुलिस को आरोपियों का लिखा एक पत्र मिला. 

कागज पर हैंडराइटिंग में बेहद चौंकाने वाला मज़मून लिखा हुआ था. कागज पर लिखा था 'गैंगेस्टर राजेश कंडेला उर्फ भारती. शार्प शूटर सोनू खड़खड़ी और अमन खड़खड़ी.' चिट्ठी में आगे लिखा गया था 'हम अमन चाहते हैं. जुल्म के खिलाफ फैसला गर जंग से होगा तो जंग सही. पुलिस की सहायता के लिए हमने स्वयं लिखा है.' 
कत्ल के बाद खत का छोड़े जाना दिल्ली पुलिस के लिए खुली चुनौती है कि अगर हमें पकड़ सको तो पकड़ लो. अब जवाब देने की बारी दिल्ली पुलिस की है कि वो बेखौफ कातिलों को किस तरह जवाब देती है? पुलिस को शक है कि इस हत्या में पूरा गैंग शामिल है. जिस तरीके से कागज पर बातें लिखी गई हैं, उसको देख कर तो यहीं लगता है.
पुलिस तमाम पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. पुलिस को सबसे बड़ी चिंता यह सता रही है कि कहीं ये दिल्ली में किसी नए गैंगवार की आहट तो नहीं है?

Post a Comment

 
Top