0
दिल्ली एमसीडी चुनाव हारने के बाद आम आदमी पार्टी दिल्ली के संगठन में कई बड़े बदलाव किए गए हैं. इसके लिए सीएम अरविंद केजरीवाल के घर पर शनिवार की शाम तमाम विधायकों की बैठक हुई. इस बैठक में पार्टी के बड़े नेता भी शामिल हुए. बैठक के बाद मंत्री गोपाल राय ने कहा कि यहां सभी मसलों पर चर्चा हुई, संगठन में बड़े बदलाव रहे हैं, जिसके बारे में जानकारी सोमवार को दी जाएगी. उन्होंने कहा कि अब पार्टी में कोई नाराज नहीं है. तमाम नेताओं ने कई तरह के प्रपोजल दिए हैं जिस पर चर्चा करके सोमवार को प्लान बताया जाएगा. 
आम आदमी पार्टी में बड़े नेताओं के मुताबिक एमसीडी चुनाव में हार के बाद दिल्ली के सभी विधायकों और जिला प्रभारियों से राय मांगी गई थी. करीब एक हफ्ते तक चली बैठकों में अरविंद केजरीवाल ने विधायकों से अलग-अलग मुलाक़ात कर सुझाव इक्ट्ठा किए थे. फिलहाल दिल्ली के लिए ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया गया है जिस पर चर्चा शाम 4 बजे से केजरीवाल के घर पर हुई. इस बैठक के बारे में पार्टी ने कोई बयान नहीं दिया है लेकिन सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है जिससे संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी अपनी कार्यप्रणाली में बड़े बदलाव करने पर विचार कर रही है.
सूत्रों ने बताया कि आज की बैठक में तय हुआ है कि विधायकों को बूथ लेवल पर तमाम बूथ इंचार्ज के साथ बैठक करने के लिए केजरीवाल ने दिए निर्देश. 3 हजार से ज्यादा पोलिंग स्टेशन इंचार्ज के साथ 21 मई को पंजाबी बाग में होगी एक बड़ी बैठक. बैठक में 3 नए जिला प्रभारियों को नियुक्त किया गया. हर 5 विधानसभा में होगा 1 जिला प्रभारी. संगठन के कामकाज में विधायकों का होगा सीधा दखल.
एमसीडी चुनाव हारने के बाद दिलीप पांडे्य और आशीष तलवार जैसे बड़े नेताओं ने अपना इस्तीफ़ा अरविंद केजरीवाल को सौंपा था. इसके बाद आम आदमी पार्टी में सबसे बड़ा बदलाव हुआ जहां गोपाल राय को दिल्ली संयोजक जिम्मेदारी सौंपी गयी थी. गोपाल राय ने बताया कि दिल्ली में एमसीडी चुनाव के बाद व्यापक बदलाव को लेकर रणनीति बन रही है. विधायकों से करीब 28 राउंड बैठक के बाद कई मुद्दों पर चर्चा हुई है. हमारा मकसद दिल्ली में हर बूथ लेवल को मजबूत करना है.
हार के बाद विधायकों से ली राय
एमसीडी चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने विधायकों से अलग-अलग मुलाकात की और सुझाव लिए थे. इसके बाद ही केजरीवाल ने कहा था कि आम आदमी पार्टी से कुछ गलतियां हुईं, जिन पर सुधार किया जाएगा.
AAP में ऐसा थमा अंदरूनी घमासान
हाल ही में ओखला से विधायक अमानतुल्ला खान ने AAP नेता कुमार विश्वास पर पार्टी विरोधी काम करने के आरोप लगाए थे. इस पर विश्वास ने भी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी. विश्वास की नाराजगी का अंदाजा लगाते हुए अमानतुल्ला खान को पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया था. इसके साथ ही कुमार विश्वास को राजस्थान का प्रभार सौंपा दिया गया, जहां अगले वर्ष चुनाव होने हैं.

Post a Comment

 
Top