0
भारत और वेस्टइंडीज के बीच चल रही वनडे सीरीज का दूसरा वनडे क्वींस पार्क ओवल, पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा. शुक्रवार देर रात खेला गया पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था.
टीम इंडिया आज तक वेस्टइंडीज में कभी क्लीन स्वीप नहीं कर पाई है.टीम इंडिया के सामने विंडीज टीम कमजोर नजर आ रही है. यदि भारतीय टीम इस सीरीज को 4-0 से जीत लेती है तो कप्तान विराट कोहली के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा जो आज से पहले कभी किसी भारतीय कप्तान के नाम नहीं है.
भारत 
शिखर धवन वेस्टइंडीज सीरीज में भी पूरे रंग में नजर आ रहे हैं. लेकिन इसी बीच सबसे बड़ी चिंता युवराज सिंह की फॉर्म की है. पिछले दिनों भी युवराज का बल्ला रन नहीं उगल पाया था. जाहिर है कि अगर युवराज अपने रंग में नहीं लौटे तो उन्हें इस सीरीज के बाद बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है. युवराज की जगह लेने वालों की कमी नहीं हैं. लाइन में लगे हुए खिलाड़ी केएल राहुल, मनीष पांडे और ऋषभ पंत हैं. जो अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं.
इसके अलावा पहले मैच में रवींद्र जडेजा की जगह कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था. लेकिन बारिश के कारण वह मैदान में उतर नहीं पाए. इस मैच में जरूर वे मौके का फायदा उठाना चाहेंगे. पहले मैच में ऋषभ पंत को मौका नहीं दिया. 2019 विश्व कप को देखते हुए टीम इंडिया इस युवा बल्लेबाज को मौका देना चाहेगी लेकिन उन्हें किसकी जगह मौका दिया जाए यह सोचने वाली बात है.
वेस्टइंडीज
वहीं दूसरी ओर वेस्टइंडीज टीम की बात की जाए तो उन्होंने पिछले मैच में 39.2 ओवरों की गेंदबाजी की. उनके गेंदबाज विराट कोहली के खिलाफ चालाकी से गेंदबाजी करते नजर आए. वह गेंद को हल्का शॉर्ट और ऑफ स्टंप के बाहर रख रहे थे. इस वजह से कोहली को रन बनाने में तकलीफ का सामना करना पड़ रहा था. 20 साल के अल्जारी जोसेफ ने अच्छी तेजी से गेंदबाजी की. जिस तरह से उन्होंने ऑफ कटर पर रहाणे को आउट किया उससे यह साफ हो गया है कि वह आधुनिक क्रिकेट में अपना जलवा दिखाने के लिए तैयार हैं.
बारिश फिर बनेगी विलेन 
भारत जब दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज से भिड़ेगा तो निगाहें मौसम पर टिकी रहेंगी. पहला वनडे बारिश की भेंट चढ़ गया था. भारत ने 39.2 ओवर में जब तीन विकेट 199 रन बनाए थे तभी बारिश आ गई. इसके बाद आगे खेल नहीं हो पाया. आज के मैच में भी 80 फीसदी बारिश की संभावना है.
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली (कप्तान), युवराज सिंह, एमएस धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, आर. अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव.
वेस्टइंडीज: इविन लुईस, कयरॉन पॉवेल, शाई होप (विकेटकीपर), जोनाथन कार्टर, जेसन मोहम्मद, रोस्टन चेस, जेसन होल्डर (कप्तान), एशले नर्स, अल्जारी जोसेफ, देवेंद्र बिशु, मिगुएल कमिंस.

Post a Comment

 
Top