0
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में जोनिहा चौकी प्रभारी को खाकी की हनक दिखाना महंगा पड़ गया. आपस में झगड़ रहे सगे भाइयों के साथ गाली-गलौज करते हुए चौकी प्रभारी ने उन्हें एक थप्पड़ जड़ दिया, जिससे आक्रोशित भाइयों ने मिलकर दरोगा को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और वर्दी फाड़कर बिल्ला नोंच लिया. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, जिले के जोनिहा कस्बे के रहने वाले दो सगे भाई किसी बात को लेकर फतेहपुर-जोनिहा मार्ग स्थित सड़क किनारे पान की गुमटी के बगल में आपस में झगड़ रहे थे. यह देख कई लोग वहां पहुंच गए और झगड़ा देखने लगे. इसी बीच शहबाजपुर गांव की ओर से गस्त कर वापस आ रहे बाइक सवार चौकी प्रभारी जसवीर सिंह वहां पहुंचे.
खाकी की हनक पर पहले दोनों भाइयों से जमकर गाली-गलौज किया. इसके बाद एक थप्पड़ जड़ दिया. चौकी प्रभारी का थप्पड़ लगने से आक्रोशित दोनों भाइयों ने दरोगा पर हमला बोल दिया और उनकी वर्दी फाड़कर बिल्ला नोंच दिया. मामला बिगड़ता देख चौकी प्रभारी ने जब वहां से भागने का प्रयास किया, तो दोनों भाइयों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा.
इसके बाद मौके से फरार हो गए. फटी वर्दी और नोंचे हुए बिल्ले के साथ दारोगा जसवीर सिंह किसी तरह चौकी पहुंचे. चौकी प्रभारी के साथ हुई मारपीट के आरोपी भाइयों पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है. इससे कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. सीओ रवींद्र कुमार वर्मा ने कहा कि ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है, होते ही कार्रवाई की जाएगी.

Post a Comment

 
Top