प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान में उनके समकक्ष नवाज शरीफ कुछ देर बाद कजाक राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायेव द्वारा दिए गए भोज में शामिल होंगे तो सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि क्या दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच किसी तरह की बातचीत या मेल-मिलाप होगा अथवा नहीं.
शरीफ और मोदी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने अस्ताना पहुंचे हैं. भारत और पाकिस्तान को इसकी पूर्ण सदस्यता दी जानी है. भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को कम करने के लिए दोनों की मुलाकात की अटकलें लगाई जा रही हैं.
इससे पहले मोदी ने नूरसुल्तान नजयबायेब से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार देने के तरीकों पर चर्चा की. दो दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचने के फौरन बाद उन्होंने नजरबायेव से मुलाकात की. प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया कि कजाकिस्तान गणतंत्र के राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार के तरीकों पर चर्चा की.
अपनी यात्रा से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मैं एससीओ के साथ भारत के संबंध को और गहरा करने के लिए आगे देख रहा हूं जिससे हमें आर्थिक, संपर्क और आतंकवाद विरोधी सहयोग के साथ ही दूसरी चीजों में भी मदद मिलेगी.
प्रधानमंत्री शुक्रवार को एससीओ शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे और उनके चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात करने की भी संभावना है. हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच कई मुद्दों को लेकर मतभेद सामने आए हैं.

Post a Comment