भरुच। हांसोट तहसील के आलियाबेट के पास बोट में खराबी आने के कारण वह नदी में फंस गई। इससे बोट में बैठे 46 परिक्रमा करने वालों को लगातार 11 घंटे तक मौत से जूझना पड़ा। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चला, जिससे लोग सुरक्षित किनारे आ गए। तब जान में जान आई। इन लोगों को बचाने में स्थानीय नागरिकों के अलावा NDRF की भूमिका महत्वपूर्ण रही। सफल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन…
आलियाबेट के पास बोट फंस जाने से उसमें सवार लोगों की जान बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया। आखिर 11 घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बचा लिया गया। सभी लोगों के लिए भोजन और दवाओं की व्यवस्था की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए भरूच के कलेक्टर संदीप सांगल ने बताया कि परिक्रमा करने वालों को बचाने के लिए दो टीमें बनाई गई थीं। स्थानीय मछुआरों से सम्पर्क कर उन्हें तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया। समुद्र में हाई टाइड की आशंका के चलते एनडीआरएफ की बटालियान भी बुला ली गई थी।
बचाने वाली बोट पानी में थी और हम रेत में
हमारी बोट बिगड़ जाने से वह नदी में फंस गई थी। हमारी बोट रेत में फंसी थी और बचाव दल पानी में था। हालत ऐसी थी कि हम बोट से उतर नहीं सकते थे। रात का समय था, अंधेरा था और ठंड भी लग रही थी। हमें डर लग रहा था। ऊपर से भूख और प्यास से हालत खराब थी। क्या करते, हम सब बोट पर ही बैठे रहे। भगवान का शुक्र है कि हम सब बच गए।

Post a Comment