फेसबुक फ्रेंडशिप आपको भारी पड़ सकती है. इतनी भारी कि आपको जान छुड़ाना मुश्किल हो सकता है. ऐसा ही एक मामला झारखंड के सिंहभूम जिले में सामने आया है. जहां एक युवक ने फेसबुक पर एक लड़की से दोस्ती की और जब युवक लड़की से मिलने पहुंचा तो उसे लड़की के घरवालों ने बंधक बना लिया. इसके बाद युवक ने पैसा देकर अपनी जान बचाई.
'दैनिक हिंदुस्तान' की एक खबर के मुताबिक, घटना सिंहभूम जिले के चाकुलिया शहर की है. यहां रहने वाले एक युवक की दोस्ती फेसबुक पर कोलकाता की रहने एक लड़की से हो गई. दोनों के बीच घंटों चैटिंग होने लगे. दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे.
दोनों की चैटिंग कब प्यार में बदल गई, युवक को पता ही नहीं चला. प्यार परवान चढ़ा तो युवक ने लड़की से मिलने का प्लान बनाया. लड़की ने युवक को मिलने के लिए कोलकाता बुला लिया. जिसके बाद भाड़े की कार लेकर युवक लड़की से मिलने कोलकाता रवाना हो गया.
युवक कार लेकर लड़की की बताई जगह पर पहुंच गया. इंतजार कर रही युवती जैसे ही युवक की कार में बैठी तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे शातिर युवती के परिजनों ने युवक की कार को घेर लिया. उन्होंने युवक को अपने घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया. फिर बड़ी बेरहमी से उसकी पिटाई की.
इतना ही नहीं 24 घंटे तक युवक को बंधक बनाकर रखने के बाद आरोपियों उसे मुक्त करने के लिए एक लाख बीस हजार रुपये की रकम मांगी. बेबस युवक ने तुरंत अपने घरवालों से पैसों का इंतजाम करवाया, फिर अपने दोस्तों के माध्यम से पैसे मंगवा कर युवती के घरवालों को दिए और खुद को आजाद करवाया.
उनके चंगुल से छुटने के बाद पीड़ित युवक अपने घर पहुंचा. इस घटना की जानकारी पीड़ित ने पुलिस को दी. पुलिस ने पीड़ित के तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पीड़ित के बताए गए पते पर पुलिस दबिश देने गई है. लेकिन फिलहाल पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं.

Post a Comment