0
4 यूरोपीय देशों के दौरे पर निकले नरेंद्र मोदी बुधवार को रूस पहुंचे. मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सेंट पीट्सबर्ग में मुलाकात की. मुलाकात के बाद वे बोले, "भारत और रूस के रिश्ते में कभी उतार-चढ़ाव नहीं आए."
नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा, "रूस और भारत दोनों सभी के लिए खुशी और फायदे में यकीन करते हैं. दोनों देशों और यहां के लोगं के बीच दोस्ती और विश्वास का खास रिश्ता है. सामान्य तौर पर अंतरराष्ट्रीय संबंध ऊपर नीचे होते रहते हैं. हमने हर रिश्ते में उतार-चढ़ाव देखा, लेकिन भारत और रूस के रिश्तों में कभी उतार-चढ़ाव नहीं आया."
इस मौके पर पुतिन ने कहा, "रूस भारत के सभी हितों का सम्मान करता है. भारत एक सप्ताह में शंघाई कॉरपोरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) का पूर्णरूपेण सदस्य बन जाएगा."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने आज आपसी हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर तथा उर्जा और व्यापार संबंधों को मजबूत करने पर व्यापक बातचीत की. अपनी मुलाकात की शुरूआत में मोदी ने पुतिन से कहा कि वह प्रधानमंत्री के रूप में पुतिन के गृहनगर आकर खुश हैं. गौरतलब है कि पहली बार रूस में भारत-रूस शिखरवार्ता मॉस्को से बाहर सेंट पीटर्सबर्ग में हो रही है.

मोदी ने पुतिन के साथ बातचीत में सुबह द्वितीय विश्व युद्ध के शहीदों के स्मारक के अपने दौरे का जिक्र किया. उन्होंने पुतिन से कहा, "आप ऐसे नेता हैं जिसके परिवार ने बलिदान दिया. आपके भाई ने शहादत दी थी." गौरतलब है कि पुतिन के भाई 70 साल पहले द्वितीय विश्व युद्ध में लेनिनग्राड हमले में मारे गए थे.

पुतिन ने युद्ध स्मारक जाने के लिए मोदी का आभार जताया और कहा कि रूस की जनता के दिल में ऐसी जगहों के लिए खास महत्व है.

माना जा रहा है कि, दोनों पक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी, रेलवे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान समेत कई क्षेत्रों में और निजी पक्षों के बीच भी अन्य कारोबारी क्षेत्रों में 12 समझौतों पर दस्तखत कर सकते हैं. वे एक 'विजन डॉक्यूमेंट' भी जारी करेंगे. वे कुडनकुलम में भारत के सबसे बड़े परमाणु उर्जा संयंत्र की अंतिम दो इकाइयों के निर्माण के लिए करार भी कर सकते हैं.
मोदी ने मुलाकात की तस्वीर ट्विटर पर की शेयर

Post a Comment

 
Top